कुशीनगर में कोरोना के दौरान ऑक्सीजन प्लांट लगाना पड़ा महंगा

कुशीनगर में कोरोना के दौरान ऑक्सीजन प्लांट लगाना पड़ा महंगा ।

पहले करोड़ो की धोखाधड़ी फिर तीन साल से सरकार की सब्सिडी का इंतजार इन्वेस्टर सब्मिट में गए थे सराहे,अब सड़क पर परिवार 

मु.उमर अंसारी संवाददाता
कुशीनगर......
कुशीनगर में कोविड काल के दौरान हो रही चिकित्सकीय ऑक्सिजन  की कमी को दूर करने के लिए आक्सीजन प्लांट लगाने के लिये लोगो को प्रोत्साहित किया। जिसमे सरकार ने प्लांट लगाने वाले लोगो को सब्सिडी देने का भी प्राविधान रखा । उसी कोरोना त्रासदी में  केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से रामकोला थानाक्षेत्र के टेकुआटार निवासी विजयभान तिवारी ने आदित्य ऑक्सिजन प्लांट लगा लोगो की मदद और अपने परिवार के रोजगार हेतु एक कदम बढ़ाया। लेकिन उनका वह कदम आज उनके परिवार को लगभग सड़को पर ला कर खड़ा कर दिया। क्योकि ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिये जिस कम्पनी से बात कराने वाले कांट्रेक्टर फर्म ने पहले उनसे लोन करा कर तीन गुना अधिक रकम लेकर बेहद खराब किस्म के उपकरण मोहैया कराया। नतीजन प्लांट महज कुछ महीने चलकर बन्द हो गया। दूसरी तरफ सरकार से मिलने वाली सब्सिडी अबतक न मिल सकी। जिसके कारण पीड़ित अब आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके है। बैंक की लोन का क़िस्त भी अब नही चुका पा रहे।

जानकारी के मुताबिक ऑक्सीजन प्लांट के लिए 15 जनवरी 2021 को आवेदन किया । इसके बाद गोरखपुर टाउनहाल स्थित राय इंटरप्राइजेज ने मुंबई स्थित मिडियान हेल्थ केयर से 14 मई 2021 तक प्लांट में लगने वाले सभी उपकरणों की सप्लाई करने का करार किया। करार होने के साथ ही विजयभान तिवारी के साथ खेल होना शुरू हो गया। राय इंटरप्राइजेज ने एक साल तक ऑक्सिजन प्लांट के लिए मशीनों को सप्लाई नहीं किया जबकि पडरौना स्थित केनरा बैंक द्वारा एक - एक करके उसके खाते में 2 करोड़ 86 लाख रुपया भेज दिया गया। इसके अलावा बिजली सप्लाई लेने और प्लांट लगाने में साढ़े तीन करोड़ रुपया खर्च हुआ। इसके बाद जब विजयभान तिवारी ने जांच पड़ताल करना शुरू किया तो राय इंटरप्राइजेज और मुंबई की कंपनी मीडियान हेल्थ केयर पर दबाव बनाया तो उन्होंने मशीन की सप्लाई करके इंस्टाल तो करा दिया। लेकिन धोखाधड़ी करते हुए फ्रांस की मशीन के स्थान पर चीन की बनी मशीन लगवा दिया।

 विजयभान ने इस बात पर  संतोष कर लिया कि सरकार की सब्सिडी और प्लांट कुछ दिन चल गया तो उन्हें लाभ हो जायेगा। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निवेशकों को लुभाने के लखनऊ में इन्वेस्टर समिट आयोजित किया गया था जिसमें विजयभान तिवारी को भी आमंत्रित किया गया था। इन्वेस्टर समिट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के समापन में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसस्तिपत्र भी उन्हें तत्कालीन जिलाधिकारी यस राजलिंगम द्वारा प्रदान किया गया। इस पुरस्कार से खुश होकर विजयभान तिवारी ने खुश होकर दोगुने उत्साह से काम करना शुरू कर दिया। लेकिन उत्साह ज्यादा दिनों तक नहीं रह पाया चीन की बनी मशीन कुछ माह बाद ही ब्लास्ट कर गई जिससे उनका प्लांट बंद हो गया। इसके बाद उन्होंने प्लांट लगवाने में मध्यस्था करने वाली गोरखपुर की राय इंटरप्राइजेज से मशीन की मरम्मत कराने का दबाव बनाया तो उसने मुंबई स्थित मीडियान हेल्थ केयर पर सारा ठीकरा फोड़ दिया। इस बीच कंपनी ने एक इंजिनियर ने को मशीन ठीक करने के लिए भी भेजा लेकिन वह मशीन को ठीक नहीं कर पाया।उसने लिखित रूप में भी ये दिया।

पीड़ित विजयभान तिवारी ने बताया कि अधिकारियों और संबंधित विभागों का दरवाजा खटखटाना शुरू किया तो उनके साथ हुए कई फ्रॉड खुलकर सामने आ गए। राय इंटरप्राइजेज ने जिस कंपनी का ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए लगभग साढ़े तीन करोड़ की मशीन बताकर पैसा लिया था जीएसटी बिल में उसकी कीमत सिर्फ 78 लाख रुपया शो किया था। इसके बाद बाद मानो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। एक तरफ बैंक लोन का बढ़ता ब्याज और दूसरी तरफ बंद ऑक्सिजन प्लांट ने उन्हें परेशान कर दिया।अब हालत यह है की ऑक्सिजन प्लांट पूरी तरह बंद पड़ा है बैंको का ब्याज बढ़ रहा है और वह पूरी तरह बरबाद हो चुके हैं । सरकार द्वारा दी जाने वाली न तो सब्सिडी मिली और अब न ही किसी तरह की अन्य मदद मिल पा रही है।पूरी तरह बरबाद हो चुके विजयभान तिवारी अब अफसरों की कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें हर जगह से निराशा हाथ लग रही है। बैंको की नोटिस और राय इंटरप्राइजेज का मीडियान हेल्थ केयर के साथ मिलकर खाए धोखे वह पूरी तरह टूट चुके हैं।

जिला उद्योग अधिकारी अभय कुमार ने सब्सिडी के सवाल पर कहा कि सरकार ने सब्सिडी देने का प्रस्ताव रखा था। जिसकी फाइल बनाकर शासन को भेज दिया गया है। जैसे शासन से सब्सिडी अवमुक्त होगी लाभार्थी को उपलब्ध कराई जाएगी। 

लेकिन लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपया खर्च करके प्लांट लगाने वाले को तीन साल बीतने के बाद भी सब्सिडी उपलब्ध नहीं करा पाई तो कैसे अन्य निवेशक सरकार पर विश्वास करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post